हरिद्वार। एडीजी प्रशासन कानून एवं व्यवस्था अशोक कुमार ने कहा कि पेशेवर अपराधियों पर शिकंजा कसा जायेगा। गली मौहल्ले में दादागिरी, महिलाओं के साथ छेड़खानी करने वाले असामाजिक तत्वों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई कर जिला बदर किया जायेगा। हिस्ट्रीशीटरों की थानों में परेड कराई जाये। अपराधियों में पुलिस का खौफ पैदा किया जाये। सीपीयू को भी चालान की संख्या बढ़ाने की बजाय यातायात व्यवस्था में सुधार करना होगा। स्कूलों के बाहर हाईवे पर पैट्रोलिंग करनी होगी। पुलिस की लापरवाही पाई गई तो उनको हटाकर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जायेगी।
गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रुम में एडीजी अशोक कुमार ने जनपद के पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुये अशोक कुमार ने बताया कि जनपद पुलिस को कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिये गये है। हरिद्वार संवेदनशील जनपद है। इसी के चलते हरिद्वार पुलिस को सदैव चौकन्ना रहना चाहिये। पुलिस चेकिंग और रात्रि गश्त नियमित तौर पर होनी चाहिये। पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाये। पेशेवर अपराधियों पर गैंगेस्टर लगाई जाये। अगर पेशेवर अपराधी जमानत पर बाहर है तो उनपर नजर बनाई रखी जाये। अपराधियों के जमानतियों पर नजर रखी जाये। नये अपराधियों की हिस्ट्रीशीट बनाई जाये। पुराने हिस्ट्रीशीटरों की थानों में परेड़ कराई जाये। इसी के साथ गली मौहल्ले और स्कूलों के बाहर जाकर चेकिंग करनी चाहिये। महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले अपराधी तत्वों तत्काल गिरफ्तार किया जाये। उनके खिलाफ गुंडाएक्ट और जिला बदर की कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य असामाजिक तत्वों पर नजर बनाकर रखना है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको जेल भेजे। इसी के साथ सीपीयू संबंध में बताया कि सीपीयू का मकसद चालान करना नहीं है। सीपीयू को ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार करना है। स्कूलों के बाहर पैट्रोलिंग की जाये। दो पहिया, चार पहिया वाहनों के कागजात और स्पीड पर नियंत्रित किया जाये। बैठक में एसएसपी कृष्ण कुमार वीके,एसपी सिटी ममता बोहरा, एसपी देहात मणिकांत मिश्रा, सीओ सिटी प्रकाश चंद्र देवली, सीओ कनखल जेपी जुयाल सहित ग्रामीण क्षेत्रों के तमाम पुलिस क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।
अवैध धंधों पर रहेगी खाकी की पैनी नजर
हरिद्वार। एडीजी कानून एवं व्यवस्था अशोक कुमार ने जनपद पुलिस को उनका कर्तव्य बोध का अहसास कराया है। उन्होंने कहा कि जनता को कोई समस्या ना हो इसके लिये पुलिस को पूरी तरह से सजग रहना होगा। जनपद में चलने वाले तमाम अवैध धंधों की सूची पुलिस को तैयार करनी होगी। इन सभी के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करनी होगी। आखिरकार गलती चाहे पीड़ित की भी तब भी समस्या का निदान पुलिस को ही करना होता है।
धर्मनगरी के किट्टी प्रकरण के बाद जनपद पुलिस पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। जनपद में होने वाले तमाम अवैध धंधों पर पुलिस को नजर रखनी होगी। गुरुवार को एडीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि किट्टी प्रकरण में पुलिस पीड़ितों को इंसाफ दिलाने का पूरा प्रयास कर रही है। अपराधियों को जेल भेज दिया गया है। इसी के साथ पुलिस को अवैध कृत्यों पर नजर बनाकर रखने के निर्देश दिये गये है। जनपद में कोई गैर कानूनी तरीके से काम करता है तो पुलिस उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।